नीम करौली धाम की भक्तों के बीच बेहद मान्यता है. यहां देश-विदेश के सेलिब्रिटी भी दर्शन करने पहुंचते हैं. बाबा नीम करोली के जीवन पर हाल ही में फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी बनी है, जिसकी एक्ट्रेस ने भी यहां विजिट किया था. आप भी इस बार अपनी बकेट लिस्ट में नीम करोली को शामिल कर सकते हैं. यहां 100 किलोमीटर के अंदर भी बहुत अच्छी जगहें हैं जो आपकी ट्रिप को और भी यादगार बना देंगी. चलिए जान लेते हैं इन जगहों के बारे में और आप कैसे यहां पर पहुंच सकते हैं.नीम करौली आश्रम को कैंची धाम के नाम से भी जाना जाता है. ये जगह आध्यात्मिक नजरिए से तो खास है ही. इसके अलावा चारों तरफ के हरियाली भरे नजारे भी मंत्रमुग्ध कर देते हैं. दर्शन के बाद आप यहां दूसरी जगहों पर घूम सकते हैं. चलिए डिटेल के साथ जान लेते हैं.
नैनीताल है सबसे पॉपुलर जगह
झीलों के लिए मशहूर नैनीताल सबसे पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट में से एक है. आप कैंची धाम आए हैं तो यहां भी विजिट करने जा सकते हैं.आश्रम से नैनी ताल 17 से 20 किलोमीटर की दूरी पर पड़ता है और यहां पहुंचने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कैब या फिर अपना पर्सनल व्हीकल यूज कर सकते हैं. आपको कैंची धाम से नैनीताल तक पहुंचने में तकरीबन 40 से 50 मिनट लगते हैं.
हनुमान गढ़ी मंदिर
आप नैनीताल में ही स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर दर्शन करने जा सकते हैं. कहा जाता है कि बाबा नीम करौली अक्सर यहां आया करते थे. ये जगह कैंची धाम से तकरीबन 20 से 21 किमी की दूरी पर है. इसका रास्ता भवाली से होकर जाता है. आपको 50 से 60 मिनट यहां पहुंचने में लग सकते हैं.
घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर
बाबा नीम करौली के आश्रम से घोड़ाखाल गोलू देवता का मंदिर 9 से 11 किलोमीटर है. ये उत्तराखंड के सबसे मान्यता वाले देवता हैं. इस मंदिर से चारों तरफ पहाड़ के नजारे भी शानदार दिखाई देते हैं. आपको यहां कैंची धाम से पहुंचने में आमतौर पर 30 से 40 मिनट का समय लगता है. इसका रास्ता भी बेहद खूबसूरत है, चारों तरफ पहाड़ और चीड़ के घने जंगल के बीच से निकलना आपकी जर्नी को यादगार बना देगा. आप यहां प्राइवेट या शेयरिंग टैक्सी लेकर पहुंच सकते हैं.
नौकुचियाताल जाएं घूमने
बाबा नीम करौली के धाम से दर्शन करने के बाद आप नौकुचियाताल घूमने जा सकते हैं. यहां से इसकी दूरी लगभग 22 से 23 किलोमीटर पड़ती है. मुख्य मार्ग भवाली और भीमताल रोड से होकर गुजरता है. यहां पर पहुंचने में आपको लगभग 1 से सवा घंटा लग सकता है. नौकुचियाताल नौ कोनों वाली झील के लिए प्रसिद्ध है. इसके अलावा आप यहां वाटर एक्टिविटीज कर सकते हैं और पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा सकते हैं.























































