मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन), समाजसेविका ममता अग्रवाल, रीटा दहिया, प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, गौरव मलिक, धनीराम एवं दीपक योगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों, कर्मयोग, धर्म और मानवता के संदेश को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
राधा-कृष्ण नृत्य, मनमोहक झांकियों, भजन, गीत और फैंसी ड्रेस प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘छोटी-छोटी गईया’ सहित कृष्ण भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जन्म और जीवन-दर्शन को प्रस्तुत करते हुए उनके संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मटकी सज्जा, बांसुरी सज्जा और पेंटिंग प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। बरीरा, हयात, दक्ष, कोमल, राधिका, अदिति और कुंज ने मटकी व बांसुरी सज्जा में प्रतिभा दिखाई, जबकि आर्यन सैनी की पेंटिंग ने सभी का ध्यान खींचा। फरहान ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया। जानवी, नंदिनी, भव्या, सांची, अंशी, ईवा, सानवी, एंजल, उत्कर्ष और कनुप्रिया ने फैंसी ड्रेस में शानदार प्रदर्शन किया। पूर्वी, प्रियंका, अर्शी सैनी, खुशी, विनायका पाल, साहिब त्यागी, जीनत राव, नव्या और राशि ने राधा-कृष्ण स्वरूप में मनमोहक नृत्य किया।
डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को बाल विवाह और भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सुविधाओं की जानकारी देते हुए कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। ममता अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन कर्तव्य, सत्य, साहस, प्रेम और मानवता की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम का संचालन रजनी शर्मा ने किया। संगीत शिक्षक दीपक योगी और नृत्य शिक्षक विशाल सहित शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।























































