मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में घर में चोरी की वारदात का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ, जबकि दूसरे को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। बदमाशों की फायरिंग में उपनिरीक्षक सूर्यप्रताप भी घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, कस्बा बुढ़ाना निवासी देशपाल सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि परिवार के साथ बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर कीमती सामान, जेवरात और नगदी चोरी कर ली। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए टीमों का गठन किया था।31 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री के नेतृत्व में बुढ़ाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मंदवाड़ा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे बाइक लेकर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई और दोनों बदमाश ईंख के खेत में घुस गए। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में उपनिरीक्षक सूर्यप्रताप घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और चोरी किए गए 745 ग्राम सोने तथा 2 किलो 240 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरात सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक के घर से चोरी किए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
























































