जड़ौदा स्कूल में रोजगार कार्यशाला.

मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के सभागार में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए दो सत्रों में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। प्रथम सत्र में विद्यार्थियों को भारत में रोजगार के बेहतर अवसरों की जानकारी दी गई, जबकि दूसरे सत्र में शिक्षकों को बदलते परिवेश में उनकी जिम्मेदारियों और अपेक्षाओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता मेजर जनरल (डॉ.) प्रमोद सहगल सेवानिवृत्त, उनकी धर्मपत्नी प्रतिमा सहगल, प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, रीता दहिया, स्वामी तेजेश्वरानन्द, जसवीर सिंह राणा, दिनेश शर्मा तथा शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेजर जनरल सहगल ने कहा कि आधुनिक प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नई तकनीकों और व्यावहारिक कौशल का ज्ञान हासिल करना होगा। उन्होंने फूड इंडस्ट्री, रक्षा एवं सुरक्षा, ऊर्जा और आधुनिक कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में संवाद कौशल, आत्मविश्वास, समस्या समाधान, सॉफ्ट स्किल्स और निरंतर सीखने की क्षमता विकसित करना जरूरी है।

दूसरे सत्र में शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल होते हैं। उनका व्यवहार, आत्मविश्वास, बॉडी लैंग्वेज और भावनात्मक समझ बच्चों पर गहरा प्रभाव डालती है। उन्होंने शिक्षा को विद्यार्थी-केंद्रित, सरल, रोचक और गतिविधि आधारित बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि शिक्षक को स्वयं भी लगातार अपने कौशल का विकास करते रहना चाहिए।

मेजर जनरल सहगल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक या डिग्री दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अच्छे संस्कारों, मानवीय मूल्यों, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से युक्त बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी होना चाहिए। कार्यशाला में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न सवाल पूछकर रोजगार, कौशल विकास और आधुनिक शिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से अतिथियों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts