महिला आयोग की जनसुनवाई 27 अगस्त को.

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान 27 अगस्त 2026 को जनपद में महिलाओं से संबंधित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगी और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की जनसुनवाई करेंगी। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने बताया कि राज्य महिला आयोग की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित किया जाएगा। जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का समय पूर्वाह्न 11 बजे निर्धारित किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान के निर्देशानुसार जनपद में महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं से संबंधित शिकायतों, उत्पीड़न के मामलों तथा अन्य समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए जाने की संभावना है।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में स्वयं उपस्थित हों और अपने-अपने विभाग से संबंधित अद्यतन सूचनाएं एवं आवश्यक अभिलेख साथ लेकर आएं। अधिकारियों को महिलाओं से संबंधित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लाभार्थियों तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी भी तैयार रखने को कहा गया है।

महिला आयोग की जनसुनवाई को महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे महिलाओं को अपनी शिकायतें सीधे आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों की मौजूदगी में मामलों की सुनवाई होने से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन स्थिति पर भी विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts