मुजफ्फरनगर। मोरना क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को जिला पंचायत प्रशासक ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मध्याह्न भोजन, साफ-सफाई, शिक्षण कार्य और विद्यालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को बारीकी से देखा। शुकतीर्थ मंडल अध्यक्ष अरुणपाल ने बताया कि प्रशासक सबसे पहले विद्यालय की रसोई में पहुंचे और मध्याह्न पोषाहार की गुणवत्ता तथा स्वच्छता व्यवस्था की जांच की।
उन्होंने भोजन माताओं से बातचीत कर भोजन तैयार करने की प्रक्रिया और खाद्य सामग्री के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद पूरे विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और सुंदरता पर विशेष ध्यान दिया। प्रशासक ने कक्षा-कक्षों में पहुंचकर शिक्षण कार्य भी देखा तथा अध्यापकों महिपाल सिंह, अजीत सिंह वर्मा और आरती से पठन-पाठन की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों से सुझाव लिए और आवश्यक सुधारों पर विचार-विमर्श किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल और व्यवस्थाओं को बनाए रखने पर जोर दिया गया।























































