मावा भट्टियों पर छापा, 510 किलो मावा नष्ट.

मुजफ्फरनगर। आगामी रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-II अर्चना धीरान व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने  तितावी क्षेत्र के ग्राम भैंसारेडी और धनसनी में मावा भट्टियों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान कुल 18 विधिक नमूने संग्रहित किए गए।

टीम ने भैंसारेडी में अतिकुर रहमान, शाहनवाज और देवेंद्रपाल की मावा भट्टियों की जांच कर मावा, दूध और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने लिए। इसके बाद देर रात धनसनी गांव में सलमुद्दीन, शमशुद्दीन, मीराजुद्दीन और शकील की मावा भट्टियों पर कार्रवाई की गई। जांच में मावा निर्माण में मानकों के विपरीत वनस्पति और इंटरस्टेरिफाइड फैट के इस्तेमाल की पुष्टि हुई।अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई करीब 420 लीटर दूध और 510 किलोग्राम मावा को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं 490 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर और 50 किलोग्राम वनस्पति को विधिक प्रक्रिया के तहत सीज कर दिया गया। मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करने वाली इकाइयों को तत्काल बंद कराया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में संदीप सिंह, वैभव शर्मा, सुनील कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. विशाल चौधरी, नेहा चौधरी, पूनम कुमारी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts