मानसून में मच्छर बहुत ज्यादा बढ़ जाते हैं जो सोते वक्त कान पर भिनभिनाकर न सिर्फ नींद खराब करते हैं, बल्कि डेंगू-मलेरिया, चिकनगुनिया भी फैलाते हैं. कई बार गर्मी और मच्छरों के काटने की वजह से झुंझलाहट हो जाती है. छोटे बच्चे जिनके घर में हों उन्हें और भी ज्यादा दिक्कत होती है, क्योंकि वो कॉइल भी नहीं जला सकते हैं. इसका धुआं बड़ों की सेहत के लिए भी नुकसानदायक होता है. इस आर्टिकल में जानेंगे 5 नेचुरल तरीके जो आपके घर से मच्छरों को दूर रखने में मदद करेंगे.
मच्छर दूर रखे वाले पौधे
अपने घर में आप अलग-अलग जगहों पर मच्छरों को दूर रखने वाले पौधे लगा सकते हैं. खासकर अपने दरवाजे और खिड़कियों के पास ये प्लांट्स लगाएं. इससे घर भी देखने में खूबसूरत लगता है और एनवायरमेंट भी अच्छा रहता है. आप लेमनग्रास, लैवेंडर, गेंदा, पुदीना, तुलसी को लगा सकते हैं. समय-समय पर उनकी कुछ पत्तियां मसलकर वहीं पर आसपास फैला दें, जिससे तेज खुशबू आती है, जो मच्छरों को रोकने में मदद करती है. आप चाहे तो लैवेंडर का एशेंशियल ऑयल स्किन पर लगा सकते हैं, जिससे मच्छर दूर रहते हैं.
नीम और कपूर का धुआं
शाम के समय अपने घर में नीम की सूखी पत्तियों को कपूर के साथ जलाएं और इन्हें सुलगने दें. चाहे तो इसमें आप 4-5 लौंग भी डाल सकते हैं. इससे घर में एक बढ़िया अरोमा फैलने के साथ ही मच्छर भी भाग जाते हैं और बैक्टीरिया से भी निजात मिलती है. इसके बाद अपने घर की खिड़कियों को बंद कर दें ताकि मच्छर अंदर न आएं.
मच्छरों को भगाने का स्प्रे
आप नेचुरल चीजों से मच्छरों को भगाने वाला स्प्रे तैयार कर सकते हैं. इसके लिए 10-15 बूंद नीम का तेल, लौंग का तेल कुछ बूंद, नीलगिरी (यूकेलिप्टस) का तेल, 1 कपूर की टिकिया का पाउडर, 1 छोटा चम्मच लिक्विड डिश सोप और एक कप पानी अच्छी तरह से मिला लें. इसे बोतल में भरकर अपने घर में जगह-जगह पर स्प्रे कर लें. खासकर कोनों, पर्दों के पीछे, खिड़कियों पर इसे जरूर छिड़कें.
कॉफी के तेज गंध रखेगी मच्छरों को दूर
मच्छरों को घर से दूर रखने का एक बेहतरीन तरीका है कि आप कॉफी के बचे हुए पाउडर को एक कप या कटोरे में डालें और इसे अच्छी तरह से सुखा लें. इसके बाद इसे जला दें और बस हल्का सुलगने दें. इसके धुएं से उठने वाली महक मच्छरों को दूर करने में मदद करती है.
लौंग और नींबू
जहां लौंग में यूजेनॉल होता है तो वहीं नींबू की सिट्रस स्मेल मच्छरों को दूर रखती है, इसलिए लोग इसे बीच से काटकर उसमें लौंग लगाकर रख देते हैं, लेकिन ये उपाय बहुत ही सीमित जगह के मच्छरों को दूर रख सकता है. आप चाहे तो लौंग का तेल और नींबू का रस थोड़े से पानी में मिलाकर स्प्रे तैयार कर सकते हैं. ये ज्यादा कारगर रहता है.घर में मच्छर न पनपे इसके लिए सबसे जरूरी है कि साफ-सफाई का ध्यान रखें. डस्टबिन को हमेशा साफ-सूखा और खाली रखने की कोशिश करें. गमले-खाली पड़े डिब्बे आदि में पानी जमा न होने दें. इसके अलावा जान लेते हैं मच्छरों से निजात पाने के तरीके.























































