करनाल ,राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान, सलारू, करनाल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्र प्रमुख डा. आलोक कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान में सहभागिता की। इस अवसर पर केन्द्र प्रमुख डा. आलोक कुमार सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सम्मान और अधिकार के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में कृषि और बागवानी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और बागवानी उत्पादन को मजबूत करने के लिए सभी को निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से संस्थान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में केन्द्र के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा मिठाई वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।























































