भारी बारिश के बीच कांवड़ मार्गों पर उतरे डीएम-एसएसपी.

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को जनपद में हुई भारी बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ यात्रा मार्गों और जलभराव वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल जल निकासी और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया गया। प्रशासन की तत्परता से कांवड़ मार्गों पर आवागमन को सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए गए, ताकि हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।इसके बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्गों एवं प्रमुख स्थानों की स्थिति की निगरानी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी लगातार विभिन्न कांवड़ मार्गों पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पीए सिस्टम के माध्यम से शिवभक्त कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को बताया कि जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी करा दी गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का प्रयोग करते हुए सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर जाने की अपील की। प्रशासन और पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts