सपा नेत्री मोनिका सिंह की भूख हड़ताल खत्म, हरेंद्र मलिक ने पिलाया जूस.

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी की महिला नेता डॉ. मोनिका सिंह की ओर से अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में चल रही भूख हड़ताल शनिवार को दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद समाप्त हो गई। सपा सांसद हरेंद्र मलिक और जिलाध्यक्ष जिया चौधरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और डॉ. मोनिका सिंह को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। बताया गया कि मांगों को लेकर दोनों पक्षों के बीच गंभीर बातचीत हुई, जिसके बाद आपसी सहमति बनने पर सांसद हरेंद्र मलिक ने डॉ. मोनिका सिंह से आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया।

डॉ. मोनिका सिंह ने सांसद के आग्रह को स्वीकार करते हुए जूस पीकर भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संवाद और आपसी सहमति से ही संभव है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और डॉ. मोनिका सिंह द्वारा उठाए गए मुद्दे को गंभीरता से लिया गया।

सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. मोनिका सिंह की मांगों को लेकर पार्टी नेतृत्व गंभीर था और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया गया। समझौते के बाद अनशन समाप्त कराया गया।

इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, प्रदेश सचिव इलम सिंह गुर्जर, जिला महासचिव सोमपाल कोरी, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह उर्फ नीटू, जिला सचिव यशपाल चौधरी, पूर्व जिला महासचिव सलीम मलिक, सलमान त्यागी और युधिष्ठिर पहलवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, नई मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा और एलआईयू निरीक्षक भी मौके पर मौजूद रहे। समझौते के बाद भूख हड़ताल समाप्त होने पर पुलिस-प्रशासन और कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts