पैलानी/बांदा। लगातार हो रही बारिश के चलते चंदावल नदी उफान पर है।नदी का जलस्तर बढ़ने से गौरी-आमरा रपटा तथा पड़ोहरा रपटा पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं।तेज बहाव के कारण दोनों मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है,जिससे एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क ब्लॉक,तहसील एवं जिला मुख्यालय से टूट गया है।रपटों के ऊपर कई फीट पानी बहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।किसान अपनी उपज बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं,जबकि मरीजों, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई है।लोगों को निकलने के नाव का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।प्रशासन ने लोगों से जलमग्न रपटों को पार न करने की अपील की है। पुलिस व स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हालात सामान्य होने तक प्रभावित गांवों के लिए वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था की जाए तथा रपटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं,ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।























































