मुजफ्फरनगर की बुढाना तहसील क्षेत्र के शाहपुर ब्लॉक के गांव सदरूद्दीननगर में एक जर्जर मकान में रह रहे परिवार की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। गांव निवासी सुभाष कश्यप पुत्र बुल्ली का मकान लंबे समय से बेहद खराब स्थिति में है। मकान की छत टूट-फूट जाने के कारण परिवार ने बारिश से बचाव के लिए उस पर पन्नी डाल रखी थी और उसी में रहने को मजबूर था। मामले की जानकारी मिलने पर बुढाना उपजिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मकान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मकान को रहने के लिए असुरक्षित पाया गया। उपजिलाधिकारी ने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल मकान खाली करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवार के रहने की अस्थायी व्यवस्था गांव के बारात घर में कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में जर्जर भवनों में रहना जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए ऐसे मामलों की सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जरूरतमंद परिवार को आगे भी सरकारी सहायता और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाएगा।























































