अंतर्राज्यीय सीमा पर मंत्री, डीएम और एसएसपी ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान.

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित पुरकाजी क्षेत्र के भूराहेड़ी चेक पोस्ट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सुरक्षा, यातायात और कांवड़ियों की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बैरियर, चेकिंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों की तैयारियों का गहन निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और यात्रा में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने पाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने शिवभक्तों से संवाद कर उनकी यात्रा की जानकारी ली और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया। इस अवसर पर जनपद में प्रवेश करने वाले हजारों शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने भी ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा स्वयं कांवड़ मार्ग पर खड़े होकर श्रद्धालुओं का स्वागत करते रहे और उन्हें सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं और आत्मीय स्वागत की सराहना करते हुए उत्साहपूर्वक अपनी यात्रा आगे बढ़ाई। पूरे क्षेत्र में सेवा, सुरक्षा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts