मुजफ्फरनगर में पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम समाज ने 11 सूत्रीय मार्गदर्शिका जारी की है। शहर में आयोजित बैठक में मुस्लिम धर्मगुरुओं और सामाजिक जिम्मेदार लोगों ने कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सहयोग का संदेश दिया। शाह इस्लामिक लाइब्रेरी के संस्थापक मौलाना कारी खालिद ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और जिले से गुजर रहे लाखों श्रद्धालुओं का सम्मान करना सभी नागरिकों का दायित्व है। उन्होंने बताया कि फलाह इंसानियत सोसाइटी की ओर से जनहित में जारी 11 सूत्रीय अपील को मुस्लिम बहुल क्षेत्रों की धार्मिक इमारतों के बाहर चस्पा किया गया है और इसे शहर के प्रमुख चौराहों पर भी लगाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें।
मार्गदर्शिका में लोगों से कांवड़ मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने, किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस-प्रशासन को देने, कानून हाथ में न लेने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से दूर रहने, अफवाह न फैलाने, असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने तथा शांति, कानून व्यवस्था और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। इससे कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने का संदेश दिया गया है।























































