करीब 3 दशक पहले आई अनिल कपूर की फिल्म 1942 अ लव स्टोरी री रिलीज के लिए तैयार है. ये 90s के दौर की यादगार म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है जिसे फैंस खूब पसंद करते आए हैं. ऐसे में अब हाई रिसॉल्यूशन्स के साथ फैंस इस फिल्म को सिल्वर स्क्रीन पर देख सकेंगे. जब फिल्म सिनेमाघरों में आई थी उस दौरान इसे अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला था. इसका कलेक्शन निराश करने वाला रहा था. लेकिन बाद में फिल्म के साथ-साथ इसके गानों को भी खूब पसंद किया गया था.अब अनिल कपूर की इस फिल्म के 8के रिस्टोर वर्जन को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं. ये एक पैट्रियोटिक रोमांटिक फिल्म थी जिसे लोग कई वजहों से देखना पसंद करते हैं. ये मशहूर संगीतकार आर डी बर्मन की आखिरी फिल्म थी. आइए जानते हैं कि फिल्म की री रिलीज पर क्या अपडेट है.
कल्ट क्लासिक फिल्म 1942 अ लव स्टोरी री-रिलीज के लिए तैयार है. इसे 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज कर दिया जाएगा. एन एच स्टूडियोज ने इसकी अनाउंसमेंट कर दी है. इटली के बोलोग्ना स्थित ली इमेजिन रिट्रोवटा ने प्रसाद फिल्म लैब्स के साथ मिलकर इस फिल्म को रिस्टोर किया है और अब 3 दशक के बाद री-रिलीज के इस दौर में फिल्म की वापसी हो रही है. फिल्म को अब पहले से ज्यादा बेहतर स्क्रीन रिजॉल्युशन्स और साउंड क्वालिटी के साथ हाजिर किया जाएगा.
चार्टबस्टर रहे थे 1942 अ लव स्टोरी के गाने
ये फिल्म साल 1944 अप्रैल में रिलीज की गई थी और अपने समय की सबसे शानदार रोमांटिक फिल्मों में से एक मानी जाती है. फिल्म में एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा, कुछ ना कहो, रूठ ना जाना और प्यार हुआ चुपके से जैसे गाने खूब हिट रहे थे और आज भी उतने ही चाव से सुने जाते हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो करीब 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म 6-7 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी थी और फ्लॉप साबित हुई थी. अब देखने वाली बात होगी कि फिल्म री-रिलीज के वक्त क्या कमाल कर के दिखाती है.























































