माटीकला कौशल विकास योजना के लिए आवेदन शुरू.

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ‘माटीकला कौशल विकास योजना’ के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 15 दिवसीय आवासीय माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि जनपद में इस वर्ष 20 लाभार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दैनिक उपयोग की मिट्टी की वस्तुएं, सजावटी सामग्री, खिलौने, मूर्तियां, मिट्टी के उत्पादों पर कटिंग-पच्चीकारी, चित्रकारी, नक्काशी सहित विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक शिल्प तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय होगा, जिसमें प्रशिक्षुओं के रहने, भोजन और नाश्ते की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। साथ ही प्रशिक्षण अवधि में आजीविका प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए प्रशिक्षुवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।

योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना, न्यूनतम 18 वर्ष आयु पूर्ण करना तथा साक्षर होना आवश्यक है। अभ्यर्थी को माटीकला की पारंपरिक जानकारी होना भी अनिवार्य रखा गया है। राशन कार्ड के आधार पर एक परिवार से केवल एक सदस्य का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में दिव्यांगजन, बीपीएल परिवारों के सदस्य, महिलाएं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा ऐसे परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी आजीविका मुख्य रूप से माटीकला व्यवसाय पर निर्भर है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि परिवार का कोई सदस्य पहले माटीकला बोर्ड अथवा किसी अन्य विभाग से इस प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त न कर चुका हो। महिलाओं और युवाओं को समुचित प्रतिनिधित्व भी दिया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी 15 अगस्त 2026 तक माटीकला बोर्ड के पोर्टल upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षिक प्रमाण-पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) तथा जाति प्रमाण-पत्र अपलोड करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी हार्ड कॉपी किसी भी कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में जमा करानी होगी। लाभार्थियों का चयन शासनादेश के निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts