मुजफ्फरनगर में श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राधा रमण और यातायात प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में थाना नई मंडी क्षेत्र में व्यापक वाहन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाते पाए गए कुल 14 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 8 रोडवेज बसें भी शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन लगातार जारी है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ओवर स्पीडिंग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी तरह अनुपालन करें।
साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, तीन सवारी न बैठाने तथा वाहन चलाते समय धैर्य और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। कांवड़ यात्रा के दौरान सभी वाहन चालक संयमित गति से वाहन चलाएं और पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें। मुजफ्फरनगर पुलिस ने जनपदवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। आमजन की जागरूकता और नियमों के पालन से ही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।























































