अक्किनेनी नागार्जुन बेटे और एक्टर अखिल अक्किनेनी की फिल्म ‘लेनिन’ सिनेमाघरों में 10 जुलाई को रिलीज हुई थी, और अब एक महीने बाद ही यह OTT पर रिलीज के लिए तैयार है। तेलुगु एक्शन ड्रामा ‘लेनिन’ में अखिल के ऑपोजिट भाग्यश्री बोर्से हैं। फिल्म में भारतीय महाकाव्यों से प्रेरित विषयों के साथ-साथ गांव की राजनीति, भावनात्मक रिश्ते और बदले की कहानी का मेल है। इस फिल्म को कब और कहां देख सकते हैं,कहानी और कास्ट क्या है, यहां जानिए:’लेनिन’ के मेकर्स ने फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। इसे 7 अगस्त, 2026 से ZEE5 पर स्ट्रीम किया जाएगा। मेकर्स ने इसके लिए अक्निनेनी नागार्जुन का वीडियो शेयर किया, जो ‘लेनिन’ की ओटीटी रिलीज के बारे में बताते नजर आ रहे हैं।
‘लेनिन’ की कहानी
मुरली किशोर अब्बुरु के निर्देशिन में बनी ‘लेनिन’ की कहानी आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के एक काल्पनिक गांव पर आधारित है। कहानी एक अनाथ लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे गांव की प्रभावशाली मुखिया जयम्मा ने पाला-पोसा है। बड़े होने पर उसे भारती से प्यार हो जाता है, लेकिन जल्द ही उसकी जिंदगी में एक ट्विस्ट आता है। कहानी 1976 में शुरू होती है और पूरी तरह से पारंपरिक ग्रामीण परिवेश में रची-बसी है। फिल्म में ‘महाभारत’ और ‘रामायण’ के संदर्भ भी शामिल किए गए हैं।
‘लेनिन’ की कास्ट और कलेक्शन
‘लेनिन’ अखिल अक्किनेनी और भाग्यश्री बोर्से के अलावा शिवाजी, ईश्वरी राव, सुनील वर्मा, गेटअप श्रीनू और ब्रह्माजी भी हैं। फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें, तो Sacnilk के मुताबिक, इसने देश में ₹48.93 करोड़ का नेट और ₹56.01 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था। जबकि वर्ल्डवाइड ₹66.86 करोड़ की ग्रॉस कमाई की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘लेनिन’ का बजट ₹55-₹100 करोड़ है।























































