मुजफ्फरनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस,

मुजफ्फरनगर की सदर तहसील सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण, सिंचाई, नलकूप, विद्युत, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, डूडा, पंचायती राज, नगर पंचायत, राजस्व, विकास, चिकित्सा, श्रम, पुलिस प्रशासन, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सुनी गईं। समाधान दिवस में कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिन मामलों का समाधान संभव नहीं है, उनमें शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से कारण बताया जाए। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें और कार्रवाई के फोटो भी उपलब्ध कराएं। कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका को कांवड़ मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यदि कहीं जलभराव की स्थिति बनती है तो तत्काल जल निकासी कराई जाए और यात्रा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके अलावा सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर एवं मंडी, जिला बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, डीडी कृषि, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts