भगत सिंह रोड के गोदाम में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

मुजफ्फरनगर के व्यस्ततम क्षेत्र शिव चौक के निकट भगत सिंह रोड स्थित संजय गिफ्ट सेंटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में भारी मात्रा में प्लास्टिक और कागज का सामान रखा होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 4:15 बजे गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें पूरे गोदाम में फैल गईं।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गोदाम की पीछे की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन फायर टेंडर मौके पर पहुंचीं। भीड़भाड़ वाले इलाके के कारण राहत कार्य में शुरुआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। मौके पर एसपी सिटी अमृत जैन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) तथा पुलिस बल भी पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य कराया। एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया। आग गोदाम के साथ पास के एक मकान तक पहुंच गई थी, लेकिन समय रहते उसे नियंत्रित कर लिया गया। समन्वय के तहत बिजली विभाग से संपर्क कर तत्काल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हुआ। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। गोदाम में रखा कुछ सामान जलकर नष्ट हुआ है, जबकि नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच अग्निशमन विभाग द्वारा की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts