एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक दिल्ली से लद्दाख के लिए निकल चुके हैं और अभी एक-दो दिन तक श्रीनगर में ठहरेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें मोदी सरकार के कामों की काफी तारीफ नजर आ रही है। उन्होंने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से अपनी यात्रा का शानदार अनुभव भी साझा किया है। इसके साथ ही मोदी सरकार की ओर से लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 लाए जाने पर उन्होंने बहुत ही खुशी जताई है।सोनम वांगचुक ने मोदी सरकार से सिर्फ यह अपील की है कि उन्हें जो भरोसा दिया गया है, उसका सम्मान करते हुए किसी प्रदर्शनकारी छात्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न की जाए। लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 बुधवार को लोकसभा से पास भी हो चुका है।
AM PROUD OF INDIAN RAILWAYS
Want to be proud of Indian (govt) promises too…Copy-LeftRightnCentre… pic.twitter.com/syCigFCKOb
— Sonam Wangchuk (@Wangchuk66) July 30, 2026
‘बहुत गर्व है मुझे भारतीय रेल पर’
उन्होंने कहा है कि दिल्ली से श्रीनगर तक जो वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवा शुरू की गई है, उसका उन्होंने पहली बार अनुभव किया है। उनके अनुसार, ‘मैं चिनाब पर बने पुल को भी देखना चाहता था। बहुत ही खूबसूरत अनुभव रहा।’
सोनम वांगचुक की मोदी सरकार से अपील
- सोनम वांगचुक के मुताबिक वे इस बात से खुश हैं कि परीक्षा में सुधारों के लिए संसद में बिल लाया गया।
- उन्होंने उम्मीद जताई है कि इससे न सिर्फ परीक्षा में सुधार हो, बल्कि शिक्षा प्रणाली में भी सुधार हो और यह जारी रहे।
‘राष्ट्र निर्माण में जुट जाएं युवा पीढ़ी’
वांगचुक ने केंद्र सरकार यह भी कहा है कि ‘देश में खासकर युवा पीढ़ी में एक भरोसे का माहौल बनाएं और सब मिलकर राष्ट्र निर्माण और एक महान भारत बनाने में जुट जाएं फिर से भरोसे के साथ। आप लोगों से जुड़ता रहूंगा, जय हिंद।
नीट पेपर लीक के खिलाफ 26 दिन किया अनशन
- नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के समर्थन में सोनम वांगचुक 26 दिनों तक दिल्ली में अनशन पर रहे।
- जब उनकी सेहत बिगड़ने लगी तो दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर सरकार ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
- फिर अदालत के ही आदेश से उनके परिवार वालों की मांग पर उन्हें दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- जब मोदी सरकार ने उन्हें भरोसा दिया कि पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार कड़े कानून बनाएगी और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने का प्रावधान लाएगी तो उन्होंने दोनों केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में अनशन समाप्त किया।
- इस दौरान 20 जुलाई को सीजेपी ने जंतर-मंतर से संसद तक प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसमें हिंसा भड़की।
- मोदी सरकार ने बुधवार को ही लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 लोकसभा से पास कराया है।
- इससे पहले प्रधानमंत्री परीक्षा में सुधारों पर सलाह देने के लिए नंदन नीलेकणि की अगुवाई में हाई पावर्ड कमेटी घोषित कर चुके हैं।
- साथ ही नीट पेपर लीक मामले का केस चलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की भी घोषणा हो चुकी है।























































