कांवड़ मार्गों पर एसएसपी का पैदल निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने नगर क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ यात्रियों से संवाद स्थापित किया, उन पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और उनकी मंगलमय व सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा की पवित्रता, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने, निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही उपयोग करने तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

गश्त के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, एटीएस, आरआरएफ, क्यूआरटी और अन्य सुरक्षा इकाइयों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है तथा अस्थायी पुलिस चौकियां और सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में लगे हैं। कंट्रोल रूम से पूरे कांवड़ मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि डॉग स्क्वाड, एंटी-सबोटाज चेक टीम और अन्य सुरक्षा इकाइयां लगातार सघन चेकिंग कर रही हैं।

कांवड़ यात्रा तैयारियों का डीआईजी ने लिया जायजा.

मुजफ्फरनगर पुलिस ने सभी कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान संयम, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए सुरक्षित और शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts