बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के नेतृत्व में बांदा पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में 2 शातिर आरोपियों को गंछा रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी और 2 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।थाना मरका क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका 24 जुलाई की रात घर से नाराज होकर ननिहाल नरैनी, फतेहपुर जाने के लिए निकली थी। देर रात बांदा पहुंचने पर वह ई-रिक्शा में बैठी।ई-रिक्शा चालक नरेश कुमार और उसके साथी एजाज ने बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास किया और फरार हो गए। पीड़िता को सकुशल बरामद कर मेडिकल कराया गया। मामले में थाना मरका में मुकदमा दर्ज था।कोतवाली नगर, मरका और एसओजी की टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और ई-रिक्शा के सत्यापन के आधार पर दोनों की पहचान चिकवन खाईंपार निवासी एजाज पुत्र निजामुद्दीन और नरेश कुमार पुत्र रामसजीवन के रूप में हुई। मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों गंछा रोड पर हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण को कहा तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में एजाज के पैर में गोली लग गई। उसे और दूसरे आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया गया।मुठभेड़ में कांस्टेबल मोहम्मद युनुस और कांस्टेबल इन्द्रपाल भी चोटिल हो गए।पुलिस ने मौके से 1 अवैध तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा व 3 खोखा कारतूस के साथ घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।एसपी पलाश बंसल ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम की तत्परता सराहनीय है।























































