मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे सिविल कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।गोष्ठी में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को प्रभावी ढंग से ब्रीफ किया जाए, ताकि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन कर सके। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण, लगातार पेट्रोलिंग और संवेदनशील स्थलों का समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
एसएसपी ने यह भी कहा कि यदि किसी श्रद्धालु को कोई समस्या आती है तो उसका त्वरित और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। सभी पुलिस अधिकारियों को अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा मार्ग पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी संभावित चुनौती या आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए और हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी बनाए रखी जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह सहित जनपद के अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में कांवड़ यात्रा को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।























































