मुजफ्फरनगर। थाना तितावी क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले गिरोह का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पर्दाफाश कर दिया। मेरठ जोन एडीजी और सहारनपुर रेंज डीआईजी के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी फुगाना नरेंद्र यादव, थाना तितावी प्रभारी जयवीर सिंह और एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी के नेतृत्व में थाना तितावी व एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार अमीरनगर निवासी अमरपाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बघरा चौराहे स्थित एटीएम पर एक अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उनके खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। इस मामले में थाना तितावी पर मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। शनिवार को चिरमा टीला मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान शामली की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पीछा करने पर तेज रफ्तार के कारण कार सड़क किनारे मिट्टी में फंस गई, जिसके बाद बदमाश खेतों की ओर भाग निकले।
पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि बाद में कांबिंग अभियान चलाकर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 हजार रुपये नकद, एटीएम स्वाइप मशीनों में फ्रीज 1.49 लाख रुपये, दो एटीएम स्वाइप मशीन, 52 एटीएम कार्ड, एक स्विफ्ट कार तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है तथा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
























































