मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बघरा क्षेत्र में दो संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में शामली रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में पता चला कि अस्पताल केवल यूनानी चिकित्सा पद्धति में ओपीडी संचालन के लिए पंजीकृत था, लेकिन वहां अवैध रूप से करीब 11 बेड का अस्पताल संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर (ओटी), नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) सहित कई चिकित्सीय सुविधाएं संचालित होती मिलीं, जो पंजीकरण की शर्तों के विपरीत थीं। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया और संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांशीराम आवासीय कॉलोनी स्थित आरोग्यम क्लीनिक पर छापेमारी की। निरीक्षण के समय क्लीनिक संचालक संजय कुमार मौके पर मौजूद नहीं मिले। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां, खुले इंजेक्शन, सुइयां और अन्य चिकित्सीय सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में क्लीनिक का संचालन निर्धारित मानकों के विपरीत एवं संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। विभाग ने क्लीनिक को भी तत्काल सील कर दिया तथा मौके से बरामद एक्सपायरी दवाइयों और अन्य आपत्तिजनक सामग्री को जब्त कर लिया। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























































