मुजफ्फरनगर। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस नई मंडी स्थित मुख्य डाकघर परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में डाक विभाग, जिला सहकारी बैंक, रोडवेज, टिकौला शुगर मिल सहित विभिन्न विभागों के श्रमिकों, कर्मचारियों और ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने 72 वर्षों की यात्रा में राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित के सिद्धांतों पर चलते हुए देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन के रूप में अपनी पहचान बनाई है और बिना किसी राजनीतिक विभाजन के स्वतंत्र रूप से श्रमिकों की आवाज बुलंद की है।
कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भारतीय मजदूर संघ के इतिहास, विचारधारा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। के.के. शर्मा ने बताया कि संगठन की स्थापना 23 जुलाई 1955 को भोपाल में दत्तोपंत ठेंगड़ी के मार्गदर्शन में हुई थी। हरिमोहन शर्मा ने कहा कि बिना संसाधनों से शुरू हुआ यह संगठन आज 7,000 से अधिक ट्रेड यूनियनों, 41 महासंघों और करीब 2.5 करोड़ सदस्यों के साथ देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है। विभाग प्रमुख सतीश कुमार ने बताया कि संगठन 27 राज्यों में सक्रिय है और जिला व पंचायत स्तर तक इसकी मजबूत उपस्थिति है। जिला मंत्री भूपेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती के बल पर देश की नंबर एक ट्रेड यूनियन का स्थान प्राप्त किया है। जिला उपमंत्री आदित्य आर्य ने संगठन को राष्ट्रवादी बताते हुए कहा कि बीएमएस ने व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक का मार्ग प्रशस्त किया है। अध्यक्ष देवेंद्र राणा ने कहा कि संगठन ने श्रमिक हितों से जुड़े कई मुद्दों पर विभिन्न सरकारों के निर्णयों का भी मुखर विरोध किया है। रोडवेज की पूनम देवी ने दिवंगत कार्यकर्ताओं के योगदान को याद किया, जबकि आयोजनकर्ता भारत रत्न ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में हेमेंद्र कुमार, अनुज शर्मा, हिमांशु जैन, ऋषिपाल, सुनील दत्त, लल्लन यादव, अक्षय कुमार, सुखपाल सिंह, संजीव कुमार, विजयपाल, रवींद्र कुमार, अवध किशोर, मनोज कुमार, उदय नारायण, अमित कुमार, सोहन सिंह, सिद्धार्थ, जगपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रेड यूनियन सदस्य मौजूद रहे।
























































