मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ी नौवाबाद तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बुढ़ीना कलां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था, मरीजों को मिल रही सेवाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया। हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के कारण डॉ. तेवतिया ने सीएचसी सिसौली की ओपीडी में स्वयं मरीजों का परीक्षण भी किया। उन्होंने मरीजों की समस्याएं सुनीं, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया। मरीजों से बातचीत कर उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, ओपीडी व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील, जिम्मेदार और मानवीय व्यवहार किया जाए तथा किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से परेशान न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इसके बाद डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ी नौवाबाद पहुंचकर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने उपचार व्यवस्था, स्वच्छता, दवा उपलब्धता, कर्मचारियों की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के अंतिम चरण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बुढ़ीना कलां पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र पर संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित गतिविधियों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जाएगी ताकि जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts