मुजफ्फरनगर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खालापार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा और थाना प्रभारी खालापार बबलू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार दक्षिणी खालापार निवासी जीनत अमान पुत्री ताहिर हुसैन ने थाना खालापार में लिखित तहरीर देकर बताया था कि किसी अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना खालापार में मुकदमा संख्या 119/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने 16 जुलाई 2026 को सुजडू रोड स्थित हड्डी गोदाम के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी के मामले से संबंधित करीब दो किलोग्राम सफेद धातु (चांदी) के आभूषण तथा लगभग 15 ग्राम पीली धातु (सोने) के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। पूछताछ में आरोपी से चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। थाना खालापार पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी, लूट तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।























































