मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीफा हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) को सील कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर की गई। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार और डॉ. महक सिंह ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई पंजीकृत एमबीबीएस या बीएएमएस चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन आवश्यक अभिलेख, वैध पंजीकरण प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर केवल अस्पताल की संचालिका मौजूद थीं, जो स्वयं अस्पताल का संचालन करती हुई मिलीं। निरीक्षण टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल इसकी सूचना एसडीएम बुढ़ाना को दी।
इसके बाद तहसील प्रशासन और पुलिस बल के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और एनआईसीयू को सील कर अस्पताल का संचालन बंद करा दिया। साथ ही अस्पताल के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बिना मान्यता, वैध पंजीकरण और योग्य चिकित्सकों के अस्पताल चलाना मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद में अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों और नर्सिंग होम के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जाएगा या जहां योग्य चिकित्सक उपलब्ध नहीं होंगे, उनके खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक अनुरूप चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। विभाग ने स्वास्थ्य संस्थानों के संचालकों से सभी आवश्यक लाइसेंस, पंजीकरण और योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























































