डिजिटल सुरक्षा की ओर बढ़ा मुजफ्फरनगर, सभी वार्डों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे.

मुजफ्फरनगर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद बड़ा कदम उठाने जा रही है। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में शहर के सभी 55 वार्डों को सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ने और अत्याधुनिक सर्वर रूम स्थापित करने की लगभग 3.64 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। इस प्रस्ताव पर 18 जुलाई को टाउन हॉल सभागार में होने वाली पालिका बोर्ड बैठक में चर्चा होगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में चौबीसों घंटे डिजिटल निगरानी की व्यवस्था लागू हो सकेगी। इससे अपराधों पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। नगर पालिका प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास विजन को ध्यान में रखते हुए सभी 55 वार्डों के समग्र विकास के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की लागत वाले 156 प्रस्तावों का एजेंडा तैयार किया है। इन प्रस्तावों में पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, नाली-नालों का निर्माण, पथ प्रकाश व्यवस्था, शहर के सौंदर्यीकरण और डिजिटल सुरक्षा जैसी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही पालिका कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए महंगाई भत्ता, गर्म वर्दी तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति के भुगतान से जुड़े प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में रखे जाएंगे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि आगामी बोर्ड बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों से जुड़े विकास कार्यों के साथ-साथ शहर को आधुनिक डिजिटल निगरानी प्रणाली से जोड़ने का प्रस्ताव भी प्रमुख रहेगा। योजना को दो चरणों में लागू करने की तैयारी की गई है। पहले चरण में 35 वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिस पर लगभग 1 करोड़ 99 लाख 26 हजार 482 रुपये खर्च होने का अनुमान है। दूसरे चरण में शेष 20 वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ अत्याधुनिक सर्वर रूम स्थापित किया जाएगा, जिस पर करीब 1 करोड़ 64 लाख 96 हजार 150 रुपये व्यय किए जाएंगे। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि शहर के कुछ मुख्य मार्गों पर पहले से कैमरे लगे हैं, लेकिन अब लक्ष्य पूरे शहरी क्षेत्र को डिजिटल सुरक्षा कवच उपलब्ध कराना है। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इस योजना पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा, जिससे पूरा शहर 24 घंटे आधुनिक निगरानी प्रणाली के दायरे में आ जाएगा और नागरिकों को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित शहरी वातावरण मिल सकेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts