साइबर ठगी के लिए फर्जी फर्म बनाकर खोला बैंक खाता, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे.

मुजफ्फरनगर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ तथा थाना साइबर क्राइम प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहचान छिपाकर फर्जी पैन कार्ड और फर्जी जीएसटी पंजीकरण के आधार पर बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल करने वाले एक संगठित गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार साइबर अपराध की जांच के दौरान एचडीएफसी बैंक के खाते संख्या 5020010127092 की पड़ताल की गई, जो M/S Creative Handicraft के नाम से संचालित पाया गया। बैंक रिकॉर्ड में इस फर्म का प्रोपराइटर मोहित कुमार निवासी शेरपुर, मुजफ्फरनगर दर्शाया गया था, लेकिन खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की सीएएफ जांच में यह नंबर अदनान चौहान पुत्र जब्बार चौहान निवासी ग्राम सलाहपुर, थाना रोहटा, जनपद मेरठ के नाम पर मिला। इसके बाद पुलिस ने बैंक खाते में लगाए गए पैन कार्ड, जीएसटी पंजीकरण, फर्म के दस्तावेज और सीएएफ में उपलब्ध फोटो का मिलान किया, जिसमें सभी दस्तावेजों में एक ही व्यक्ति अदनान चौहान की तस्वीर पाई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर मोहित कुमार के नाम से फर्जी पैन कार्ड और फर्जी जीएसटी पंजीकरण तैयार कराया तथा उसी आधार पर M/S Creative Handicraft के नाम से बैंक खाता खुलवाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अदनान चौहान अपने अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर इस खाते का उपयोग साइबर ठगी, शेयर मार्केट और क्रिप्टो निवेश के नाम पर लोगों से ठगी गई रकम को प्राप्त करने, निकालने, विभिन्न खातों में स्थानांतरित करने तथा धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए कर रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक संगठित साइबर अपराध नेटवर्क का हिस्सा है, जो फर्जी दस्तावेजों के सहारे बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी की रकम को ठिकाने लगाने का काम करता था। मामले में संगठित धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अभियोग दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है तथा बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts