शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद मेन बाज़ार और दुकानों में पानी भर गया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि नगर पंचायत प्रशासन ने समय रहते नालों से बंध नहीं हटवाए, जिसके कारण बारिश का पानी निकासी न होने से बाजार में भर गया और दुकानों में रखा सामान खराब हो गया।
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को पहले से ही भारी बारिश की आशंका थी, लेकिन इसके बावजूद नालों की सफाई और जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई।
उनका आरोप है कि दो दिन लगातार मूसलाधार बारिश के दौरान भी नगर पंचायत ने बंध नहीं हटवाए,पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, इस लापरवाही के चलते लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अभी तक उनकी सुध लेने भी नहीं पहुंचे जबकि अन्य कई जन प्रतिनिधियों ने पीड़ितों का हाल जाना। प्रभावित लोगों का कहना है कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
अब क्षेत्र में यह सवाल उठने लगा है कि क्या यह केवल प्रशासनिक लापरवाही है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
















