सहारनपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश और जलभराव के कारण जिले के कई इलाकों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। सबसे दर्दनाक घटना देहरादून-दिल्ली हाईवे स्थित सैय्यद माजरा गांव में सामने आई, जहां तेज पानी के बहाव और मिट्टी के कटाव से कब्रिस्तान की कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं। पानी के तेज बहाव में कुछ शव कब्रों से बाहर आ गए, जिससे इलाके में शोक और चिंता का माहौल फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय समाजसेवी आशु और पाशा ने ग्रामीणों के सहयोग से बाहर आए शवों को पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कराया। इस संवेदनशील घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
बारिश का असर केवल कब्रिस्तान तक ही सीमित नहीं रहा। सरसावा क्षेत्र में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से एक कार तेज बहाव में नदी में समा गई, जिसमें सवार दो पत्थर ठेकेदारों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी और बरसाती नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।















