बुढ़ाना। कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर अटेरना निवासी शराब व्यापारी गौरव अग्रवाल पुत्र सुनील अग्रवाल और सतीश कुमार पुत्र तिलकराम ने गांव के कुछ लोगों पर शराब की दुकान पर आकर उत्पात मचाने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने थाना फुगाना पुलिस को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शराब व्यापारियों का आरोप है कि गांव निवासी सत्यपाल पुत्र रंजीत, अशोक पुत्र रामकुमार, मनोज कुमार पुत्र तेजपाल, संजय पुत्र कैलाश और बाली पुत्र बीरबल रात के समय उनकी शराब की दुकान पर पहुंचकर उधार में शराब मांगते हैं। जब सेल्समैन उधार में शराब देने से मना कर देते हैं तो उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की जाती है तथा जान से मारने की धमकी दी जाती है।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीती 16 जून को आरोपितों ने दुकान के आसपास लगे शराब के फ्लेक्स बोर्ड फाड़ दिए थे और उधार में शराब न देने पर दुकान हटवाने की धमकी दी थी। व्यापारियों ने कहा कि सत्यपाल और अशोक के खिलाफ वर्ष 2023 में शराब की दुकान उखाड़ने और शराब चोरी करने का मुकदमा थाना फुगाना में दर्ज है, जो वर्तमान में बुढ़ाना न्यायालय में विचाराधीन है।
गौरव अग्रवाल और सतीश कुमार का कहना है कि आरोपित लगातार उनके खिलाफ विभिन्न अधिकारियों को शिकायतें भेजते रहते हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने, सेल्समैनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शराब की दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।















