मुजफ्फरनगर। जनपद के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में कथित अवैध धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से धार्मिक साहित्य, मोबाइल फोन और रजिस्टर बरामद किए हैं। मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मेरठ जोन और सहारनपुर रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय चौधरी और प्रभारी निरीक्षक मंसूरपुर विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना मंसूरपुर पर रवि चौधरी नामक व्यक्ति द्वारा तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि ग्राम जड़ौदा के जंगल क्षेत्र में कुछ लोग बीमारी ठीक करने, मुफ्त में मकान बनवाने, शादी के लिए आर्थिक सहायता देने तथा अन्य प्रकार के प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना मंसूरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 180/26 धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मिशन शक्ति टीम को शामिल करते हुए कुल तीन विशेष टीमों का गठन किया। गठित टीमों ने सूचना के आधार पर 5 जुलाई 2026 की रात ग्राम जड़ौदा के जंगल में बने एक मकान पर छापेमारी की, जहां से 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान तीन धार्मिक पुस्तकें, छह मोबाइल फोन तथा तीन डायरी और रजिस्टर बरामद किए गए। बरामद रजिस्टरों और मोबाइल फोन की जांच की जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।
















