मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, स्ट्रॉन्ग रूम तथा परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सहित प्रत्येक व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों को शासन और परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित मानकों के अनुसार सघन जांच और पहचान सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। परीक्षा अवधि में पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर सभी परीक्षा केंद्रों और संवेदनशील स्थानों पर नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों की भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने, पेपर लीक जैसी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा व्यवस्था बाधित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से भरोसा दिलाया कि UPTET-2026 को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।















