मुजफ्फरनगर। जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के गांव बुडीना खुर्द निवासी हसन अली ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की है। हसन अली के अनुसार वह पेशे से वेल्डर है और दिहाड़ी तथा मासिक वेतन के आधार पर विभिन्न स्थानों पर कार्य करता है। उसने आरोप लगाया कि कुछ माह पहले उसे 9990571634 नंबर से कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम कल्लन ठेकेदार बताते हुए वेल्डिंग कार्य के लिए श्रमिकों की आवश्यकता होने की बात कही। ठेकेदार ने प्रति व्यक्ति 800 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने का आश्वासन दिया।
हसन अली का कहना है कि वह अपने साथ दो अन्य युवकों को लेकर पंजाब के पटियाला स्थित कार्यस्थल पर पहुंचा, जहां तीनों ने 20 फरवरी 2026 से 17 मार्च 2026 तक लगातार वेल्डिंग का कार्य किया। आरोप है कि कार्य अवधि के दौरान ठेकेदार ने केवल 22 हजार रुपये का भुगतान किया, जबकि शेष मजदूरी अब तक नहीं दी गई है। कार्य पूरा होने के बाद तीनों श्रमिक अपने घर लौट आए, लेकिन कई माह बीत जाने के बावजूद उन्हें उनकी पूरी मेहनताना राशि नहीं मिली।
पीड़ित का आरोप है कि वह लगातार फोन के माध्यम से ठेकेदार से संपर्क कर अपनी बकाया मजदूरी मांग रहा है, लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता है। कई बार आश्वासन देने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। इससे उसे और उसके साथियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हसन अली ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराते हुए बकाया मजदूरी दिलाने तथा उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई जा रही है।















