इन दिनों कई परेशानियों से जूझ रहे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने मुंबई छोडऩे का फैसला लेकर सभी को हैरान कर दिया है. हार्दिक ने अपने करियर के बाकी समय के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को अपना स्थायी ट्रेनिंग केंद्र बनाने के लिए बेंगलुरु में रहने का फैसला किया है और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं.पंड्या का यह कदम इसलिए खास है क्योंकि आम तौर पर भारत के केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ी सिर्फ चोट से उबरने, फिटनेस टेस्ट या राष्ट्रीय कैंप के लिए ही सीओई जाते हैं. पंड्या मूल रूप से गुजरात के बड़ौदा के हैं, लेकिन उन्होंने पिछले दशक में ज्यादातर समय मुंबई में बिताया है और अपनी आईपीएल टीम मुंबई इंडियन्स की सुविधा में ट्रेनिंग की है. अभी पंड्या जांघ की चोट से उबर रहे हैं और ब्रिटेन के सीमित ओवरों के दौरे से बाहर हो गए थे. उन्होंने पिछले छह महीने में सीओई में काफी समय बिताया है.
बैंगलुरु में बसने की तैयारी में हार्दिक
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि हार्दिक पहले ही स्थायी रूप से बेंगलुरु शिफ्ट हो चुके हैं और उन्होंने सीओई के पास एक संपत्ति किराए पर ली है. वह अपने करियर के बाकी समय के लिए सीओई को अपना स्थायी ट्रेनिंग केंद्र बनाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर होंगे. सूत्र ने कहा कि हार्दिक मुंबई से बाहर जाना चाहते थे क्योंकि रोजाना ट्रेनिंग के लिए अपने घर से आना-जाना मुश्किल हो गया था.
क्रिकेट ऑफ एक्सीलेंस बना बड़ी वजह
केंद्रीय अनुबंध वाले क्रिकेटर के तौर पर उन्हें सीओई में चोट के इलाज से लेकर स्किल ट्रेनिंग तक सभी सुविधाएं मिलेंगी. इसलिए जब भी वह आईपीएल, राज्य या राष्ट्रीय टीम के साथ नहीं होंगे तो उन्होंने सीओई को अपना स्थायी आधार बनाने का फैसला किया है. माना जा रहा है कि हार्दिक के पास अपने फिजियोथेरेपिस्ट और निजी कोच भी होंगे जो सीओई के बाहर ट्रेनिंग में उनकी मदद करेंगे.
अगले 4-5 साल का प्लान
सूत्र ने कहा कि जब तक वह भारत के लिए सीमित ओवरों का क्रिकेट खेलते हैं तब तक बेंगलुरु में बसने जैसा है और उनका इरादा अगले पांच-छह साल तक खेलने का है. यहां तक कि जब वह अपने कौशल पर काम करते हैं, जैसे सीओई के नेट गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी करना, तो हार्दिक उन्हें अपनी जेब से पैसे देते हैं. माना जा रहा है कि पंड्या की चोट से उबरने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने निजी काम के लिए कुछ दिनों की छुट्टी ली है और उम्मीद है कि वह एक-दो दिन में सीओई लौट आएंगे. हालांकि यह साफ नहीं है कि फिट घोषित होने के बाद उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुना जाएगा या नहीं















