मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना रामराज में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना रामराज पहुंचकर थानाध्यक्ष कार्यालय के जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण कार्य का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नवसज्जित कार्यालय का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। कार्यालय के नवीनीकरण से थाना परिसर की कार्यक्षमता के साथ-साथ उसकी सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में आयोजित सुंदरकाण्ड पाठ में भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सहभागिता की और विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। धार्मिक आयोजन के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास तथा सौहार्द को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह, क्षेत्राधिकारी भोपा लक्ष्मण वर्मा, थानाध्यक्ष रामराज ज्ञानेन्द्र सिंह सिरोही सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में नियुक्त ग्राम चौकीदारों की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की आंख और कान के रूप में कार्य करते हैं तथा अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। चौकीदारों की सक्रियता और निष्ठा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें नगद पुरस्कार प्रदान किए गए तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वाले ग्राम चौकीदारों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पूरी लगन और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चौकीदारों से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, जनसमस्याओं और ग्रामीण स्तर पर पुलिस सहयोग को लेकर भी चर्चा की। थाना रामराज में आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस और ग्रामीण समाज के बीच बेहतर समन्वय, सम्मान और सहभागिता का प्रतीक बनकर सामने आया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया।
























































