ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का इस्तीफा,

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने प्रधानमंत्री पद और लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफा दे दिया है. स्टारमर ने कहा कि उनकी पार्टी के भीतर यह सवाल उठ रहा था कि क्या वह अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे सही व्यक्ति हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी पार्टी का जवाब मिल गया है और वह इसे सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हैं. स्टारमर ने कहा कि अब समय आ गया है कि कोई नया नेता पार्टी की कमान संभाले और उसे अगले चुनाव की ओर ले जाए. स्टार्मर पिछले 10 साल में कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ने वाले छठे PM हैं. इससे पहले डेविड कैमरन, थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस और ऋषि सुनक अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए थे.

क्यों दिया इस्तीफा?

कीर स्टार्मर ने एक बयान में कहा कि मेरी पार्टी में यह सवाल था कि क्या अगले चुनाव में मैं ही नेतृत्व करूंगा. संसदीय दल को मेरे नेतृत्व पर संशय था. लोगों को लग रहा था कि मैं सफल नहीं हो सकता हूं. मैंने उन आवाजों को तरजीह दी है. इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया है. स्टार्मर ने आगे कहा कि मैंने यहूदी विरोधी विचारों को जड़ से उखाड़ फेंका है. मैंने राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को तरजीह दी है. 2 साल पहले मैं जब प्रधानमंत्री नियुक्त हुआ, तो वो मेरे लिए गौरवशाली क्षण था.

स्टार्मर के भाषण की अहम बातें

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान था. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने लेबर पार्टी की कमान संभाली थी, तब पार्टी बहुत मुश्किल दौर से गुजर रही थी. कई लोगों का मानना था कि पार्टी का राजनीतिक भविष्य खत्म हो चुका है, लेकिन उन्होंने उसे फिर से मजबूत बनाने की कोशिश की.

स्टारमर ने बताया कि उन्होंने अपने फैसले के बारे में ब्रिटेन के राजा से भी बात की थी. अगर नया नेता चुनने के लिए चुनाव होता है, तो सितंबर में संसद शुरू होने से पहले नया लेबर पार्टी नेता चुन लिया जाएगा. स्टारमर ने कहा कि वह नए नेता को जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने उत्तराधिकारी का पूरा समर्थन करेंगे.

भाषण के अंत में स्टारमर भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि अब वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं और एक बेहतर पति और पिता बनना चाहते हैं. इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी को गले लगाया और प्रधानमंत्री आवास लौट गए.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts