मुजफ्फरनगर: आशादीप संस्थान में दिव्यांग बच्चों ने किया योग,

मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित आशादीप मूक-बधिर एवं मंदबुद्धि बाल प्रशिक्षण संस्थान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और जागरूकता के साथ किया गया। कार्यक्रम संस्थान के अध्यक्ष इंजी. लोकेश चंद्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों और दिव्यांग बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योग दिवस के अवसर पर सभी ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ और निरोग रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संस्थान के सचिव इंजी. आर.के. गोयल, उपाध्यक्ष इंजी. बी.आर. शर्मा, उपमंत्री पी.के. गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य रामबीर सिंह, बी.बी. गुप्ता, के.के. शर्मा, उमेशचंद्र वर्मा, प्रधानाचार्य ब्रजमोहन शर्मा, शिक्षिका शिवानी त्यागी, मीना सिंह और जीवनी बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। योगाचार्य विनोद कुमार शर्मा, योग शिक्षिका स्वाती और शुभम कुमार के मार्गदर्शन में दिव्यांग बच्चों एवं उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, पर्वतासन, त्रिकोणासन, शवासन, पश्चिमोत्तानासन और वृक्षासन सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाएं कीं। योगाचार्यों ने बच्चों को सरल और प्रभावी तरीके से योग के अभ्यास कराए तथा उनके शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। दिव्यांग बच्चों ने भी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लेकर सभी को प्रेरित किया।

इस अवसर पर योगाचार्य विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योग, व्यायाम और ध्यान से व्यक्ति की एकाग्रता, अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन में वृद्धि होती है। योग शरीर को रोगों से दूर रखने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही योग की आदत विकसित की जाए तो उनका सर्वांगीण विकास संभव है।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को फलाहार एवं सूक्ष्म जलपान कराया गया। संस्थान प्रबंधन ने योग दिवस के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, शिक्षकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। योग दिवस का यह आयोजन दिव्यांग बच्चों के लिए प्रेरणादायक और स्वास्थ्यवर्धक साबित हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts