मुजफ्फरनगर। बारहवें योग सप्ताह–2026 के अंतर्गत “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर जीनस पेपर एंड बोर्ड्स लिमिटेड, मुजफ्फरनगर इकाई में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा उन्हें नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक राजेश्वर दयाल शर्मा ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान संबंधी योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कर्मचारियों को प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने की सलाह दी, ताकि वे अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकें।
इस अवसर पर कंपनी के कमर्शियल हैड जी.सी. कोठारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की एक अनमोल धरोहर है, जिसे पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति की कार्यक्षमता, एकाग्रता और मानसिक संतुलन में सुधार होता है। साथ ही यह तनावमुक्त जीवन जीने और बेहतर निर्णय क्षमता विकसित करने में भी मददगार साबित होता है। उन्होंने कर्मचारियों से योग को अपनी दिनचर्या का स्थायी हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक रविंद्र कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके स्वस्थ, ऊर्जावान और समर्पित कार्यबल पर निर्भर करती है। योग कर्मचारियों को शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है, जिससे कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
योग कार्यक्रम में जीनस परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की और विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग करने तथा अपने परिवार और समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन ने कर्मचारियों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य को सार्थक रूप से आगे बढ़ाया।























































