राष्ट्रपति के गांव पहुंचे पीएम मोदी,ओडिशा को 47 हजार करोड़ की सौगात.

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक दिवसीय ओडिशा दौरे के दौरान राज्य को 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी उनके साथ मौजूद रहीं। राष्ट्रपति के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्यपाल हरिबाबू कम्भमपति ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने संथाली जाहेरा और हो जाहेरा के पवित्र उपवनों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने स्किल सेंटर और पहाड़पुर स्कूल का भी दौरा किया। इस यात्रा को जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के पैतृक गांव का भ्रमण किया और उनके पुराने विद्यालय का भी अवलोकन किया। राष्ट्रपति के जन्मदिन और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों के माध्यम से दोनों नेताओं का स्वागत करते नजर आए। कई स्थानों पर लोग बधाई संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर खड़े रहे। महुलीपड़ा से पहाड़पुर जाते समय राष्ट्रपति ने अपना काफिला रुकवाकर सड़क किनारे खड़े बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट वितरित की, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

दोपहर करीब एक बजे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री रायरंगपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसका विषय “विकास की धारा, ओडिशा सारा” रखा गया था। इस अवसर पर ऊर्जा, औद्योगिक अवसंरचना, सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। प्रमुख शिलान्यास परियोजनाओं में अपर इंद्रावती पंप्ड स्टोरेज परियोजना, आईबी थर्मल पावर स्टेशन विस्तार, कोल गैसीफिकेशन परियोजना, काठजोड़ी नदी पर नया पुल, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं और मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना शामिल हैं। वहीं बौद्ध जिला अस्पताल, 24 अटल बस स्टैंड, स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र, रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाएं, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ट्राइबल रिसर्च सेंटर जैसी परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। इन परियोजनाओं से ओडिशा में स्वास्थ्य, परिवहन, ऊर्जा, सिंचाई और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने के साथ रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts