साल 2026 के आखिरी 6 महीनों में भारतीय टीम को खूब सारे मैच खेलने हैं. अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है, उसकी तैयारी के लिए टीम इंडिया साल 2026 में जुलाई-दिसंबर तक चार एकदिवसीय सीरीज खेलनी हैं.भारतीय टीम अगले 6 महीनों के भीतर 14 वनडे मैच खेलेगी, जिनमें जाहिर तौर पर ने खिलाड़ियों को भी परखा जाएगा. अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव ने भी अपने-अपने डेब्यू मैचों में प्रभावित किया है. नए खिलाड़ियों को परखने का दौर जारी रहेगा, लेकिन ऐसे कौन से खिलाड़ी हैं, जिनका 2027 वर्ल्ड कप की प्लेइंग इलेवन में खेलना तय है. ऐसे खिलाड़ी, जिनका बाहर होना असंभव है.
इन 8 खिलाड़ियों का खेलना पक्का
इनमें सबसे पहला नाम कप्तान शुभमन गिल का है, जो टीम इंडिया को 2027 वनडे वर्ल्ड कप में लीड करते दिखेंगे. अब तक के फॉर्म को आधार मानें तो विराट कोहली और रोहित शर्मा का खेलना भी लगभग तय लग रहा है. इसका मतलब गिल, रोहित और कोहली, टॉप ऑर्डर को यह तिकड़ी संभालेगी. वहीं वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने नंबर-4 की जिम्मेदारी को बखूबी संभाला है. अय्यर 243 रन बनाकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए टॉप स्कोरर रहे थे.वनडे में पांचवें क्रम पर 63.21 का बल्लेबाजी औसत रखने वाले केएल राहुल अवश्य ही वर्ल्ड कप में भी नंबर-5 पर बैटिंग करेंगे. अगर हार्दिक पांडया फिट रहे तो नंबर-6 पर बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान देंगे. हार्दिक का खेलना इसलिए भी तय लग रहा है, क्योंकि वे टीम के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं.वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह टीम के गेंदबाजी अटैक को लीड कर रहे होंगे. इस सूची में आठवां नाम हर्षित राणा का है, जिनपर पिछले एक-डेढ़ साल में टीम मैनेजमेंट ने बहुत भरोसा दिखाया है. बाकी 3 स्पॉट को लेकर अभी कुछ निश्चितता नहीं है. कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती समेत कई खिलाड़ी हैं, जिन्हें स्क्वाड में शामिल करने पर चयनकर्ता जरूर विचार कर सकते हैं.















