मुजफ्फरनगर। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद मुजफ्फरनगर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की विपणन विकास सहायता कार्यक्रम (एससीएसपी) योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद की प्रत्येक तहसील में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना है।
उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनमानस को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए तहसील दिवसों के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर द्वारा प्रदान किए गए अनुमोदन के उपरांत 20 जून 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे तहसील बुढ़ाना परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित किया गया है।कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता अथवा उनके द्वारा नामित अधिकारी के निर्देशन में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार के अवसरों तथा उद्यम स्थापना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपद के इच्छुक युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों, उद्यमियों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर कार्यक्रम में प्रतिभाग करें तथा सरकार और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों को विभागीय विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा, जिससे उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया जा सकेगा और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में सहायता मिलेगी।























































