बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं जो सिर्फ सुपरहिट नहीं बनते, बल्कि एक पूरी पीढ़ी की यादों का हिस्सा बन जाते हैं. साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘दिल तो पागल है’ का गाना ‘ले गई’ भी उन्हीं गानों में से एक है. इस गाने में माधुरी दीक्षित, करिश्मा कपूर और शाहरुख खान की मौजूदगी ने इसे आइकॉनिक बना दिया था. अब करीब तीन दशक बाद एक बार फिर इस गाने का जादू देखने को मिला है, जब माधुरी और करिश्मा ने इसका मशहूर हुक स्टेप दोबारा किया.
हाल ही में ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ के एक एपिसोड के दौरान दोनों एक्ट्रेसेस माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर का एक वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों ‘ले गई’ गाने के फेमस स्टेप को रीक्रिएट करती नजर आईं. वीडियो में पहले दोनों एक-दूसरे के साथ डांस करती हैं और फिर गले मिलती दिखाई देती हैं. जैसे ही ये क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई, फैंस की पुरानी यादें ताजा हो गईं. वीडियो देखकर लोगों ने इसे काफी पसंद किया है.















