World Cup 2027 में क्यों बांग्लादेश बनेगी बड़ा खतरा?

आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में अभी काफी वक्त है लेकिन इसको लेकर हलचल होने लगी हैं. हाल ही में एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ICC ने इस एडिशन के लिए 4 अक्टूबर से 21 नवंबर की विंडो तय की है, जिसमें टूर्नामेंट का आयोजन होगा. जहां इस वर्ल्ड कप के लिए एक बार फिर टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी टीमें दावेदार रहेंगी, वहीं धीरे-धीरे कर एक टीम मजबूत होकर उभर रही है और ये है बांग्लादेश, जो हमेशा से अपने निराशाजनक प्रदर्शन के कारण आलोचना झेलती रही है. मगर इस बार बांग्लादेशी टीम अलग नजर आ रही है और इसकी वजह हैं 3 खास खिलाड़ी.

बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान में वनडे सीरीज जीती थी. वहीं इसके बाद उसने न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को भी शिकस्त दे दी है. हालांकि, जहां पाकिस्तानी टीम पूरी ताकत के साथ उतरी थी तो वहीं न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने कई स्टार खिलाड़ियों के बिना खेल रही थीं. बांग्लादेश ने ये दोनों ही सीरीज अपने घर में जीती हैं, जो पिछले एक दशक में एक ट्रेंड सा बन गया है. मगर न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली जीत इस ट्रेंड से बिल्कुल अलग है.

बांग्लादेश की ये जीत क्यों है अलग?

ट्रेंड से अलग इसलिए क्योंकि अब तक बांग्लादेशी टीम इस बात के कारण आलोचना झेलती थी कि वो अपने घर में स्पिन फ्रेंडली पिच बनाती है और उसके दम पर जीत दर्ज करती है और ICC टूर्नामेंट में फिर उसकी पोल खुल जाती है. ये सच भी था. मगर इस बार बांग्लादेश ने ये दोनों सीरीज पेसर फ्रेंडली पिच पर और अपने तेज गेंदबाजों के दम पर हासिल की है. सुनने में चौंकाने वाला लग सकता है लेकिन यही सच है कि तेज गेंदबाजों के लिए मशहूर ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान को स्पिन हेवी बांग्लादेश ने उनके ही खेल में मात दे दी.बांग्लादेश की इस सफलता की वजह बने हैं 3 तेज गेंदबाज, जो रफ्तार, स्विंग, बाउंस और वेरिएशन का एकदम बेहतरीन संतुलन साबित हो रहे हैं. ये तीन पेसर हैं- तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा. इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा 23 साल के नाहिद राणा की हो रही है.

बल्लेबाजों के लिए आफत बन रहे तीनों गेंदबाज

करीब साढ़े 6 फीट लंबे और लगातार 150 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बॉलिंग करने वाले नाहिद इस वक्त बांग्लादेशी फैंस ही नहीं, आम क्रिकेट फैंस की आंखों का तारा बने हुए हैं. टेस्ट और वनडे में नाहिद ने तेज रफ्तार और उछाल से न सिर्फ बल्लेबाजों को चोट पहुंचाई है बल्कि विकेट भी झटके हैं. उन्होंने 12 टेस्ट और 13 वनडे के करियर में 4 बार पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं. साउथ अफ्रीका की पिच पर वो कैसा करेंगे, इसकी बेकरारी अभी से बनी हुई है.वहीं उनका साथ देने के लिए तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान का अनुभव रहेगा. लंबे समय से बांग्लादेश के लिए खेल रहे तस्कीन अच्छी रफ्तार के साथ ही नई गेंद से स्विंग हासिल करने में सफल रहते हैं, जिसके दम पर वो सलामी बल्लेबाजों को जल्दी निपटाते दिखे हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों वनडे में उन्होंने पहले ओवर में ही विकेट हासिल किए थे. वहीं बाएं हाथ के लंबे गेंदबाज मुस्तफिजुर के पास भी अच्छा अनुभव है. वो नाहिद या तस्कीन जितने तेज नहीं हैं लेकिन उनके पास कटर या स्लोअर बाउंसर जैसी बेहतरीन वेरिएशन हैं, जो बल्लेबाजों को हमेशा से परेशान करती रही हैं. ऐसे में अगर बांग्लादेशी टीम साउथ अफ्रीका में वर्ल्ड कप में कुछ कमाल कर दे तो हैरानी नहीं होगी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts