देश में वीगन खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ा कदम उठाया है। FSSAI ने Food Safety and Standards (Vegan Foods) Amendment Regulations, 2026 को अधिसूचित कर दिया है, जिसके तहत अब सभी अनुमोदित वीगन खाद्य उत्पादों के पैकेट पर एक मानकीकृत ‘VEGAN’ लोगो लगाना अनिवार्य होगा।यह नियम 1 जुलाई 2027 से लागू होगा।नए नियम के अनुसार किसी भी खाद्य उत्पाद को वीगन के रूप में बेचने से पहले संबंधित मंजूरी प्राप्त करनी होगी और मंजूरी मिलने के बाद उत्पाद की पैकेजिंग पर निर्धारित हरे रंग का ‘VEGAN’ लोगो प्रदर्शित करना अनिवार्य रहेगा।
उपभोक्ताओं को मिलेगा भरोसा, भ्रामक दावों पर लगेगी रोक
FSSAI का कहना है कि एक समान लोगो लागू होने से उपभोक्ता दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध उत्पादों में आसानी से असली वीगन उत्पादों की पहचान कर सकेंगे। इससे गलत या भ्रामक लेबलिंग की संभावना कम होगी और बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी।विशेषज्ञों के अनुसार यह कदम तेजी से बढ़ रहे प्लांट-बेस्ड फूड सेक्टर को भी मजबूती देगा और उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
लोगों के लिए तय किए गए सख्त मानक
अधिसूचना में लोगो के रंग, आकार और डिजाइन संबंधी विस्तृत तकनीकी मानक भी निर्धारित किए गए हैं। लोगो में हरे रंग का ‘V’, उसके ऊपर पौधे की कोंपल और नीचे ‘VEGAN’ शब्द अंकित होगा। सभी कंपनियों को इसी निर्धारित प्रारूप का पालन करना होगा।नए नियम लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को वीगन और गैर-वीगन उत्पादों में अंतर समझने में आसानी होगी। साथ ही, केवल वही उत्पाद वीगन के रूप में बाजार में उपलब्ध होंगे जो FSSAI के निर्धारित मानकों पर खरे उतरेंगे। इससे खाद्य क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
बता दें कि वीगन फूड ऐसा खाना होता है जिसमें किसी भी तरह के जानवरों से मिलने वाले उत्पाद शामिल नहीं होता। सीधे शब्दों में समझें इसमें दूध, दही, घी, पनीर, अंडा, मांस और शहद तक का इस्तेमाल नहीं किया जाता। यह पूरी तरह पौधों से मिलने वाले खाने पर आधारित होता है जैसे फल, सब्जियां, दालें, अनाज, नट्स और बीज। आजकल लोग हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए वीगन डाइट की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। वीगन फूड में कोलेस्ट्रॉल लगभग ना के बराबर होता है। इसके अलावा इसका बड़ा फायदा यह भी है कि इसमें फैट कम और फाइबर ज्यादा होता है, जिससे शरीर फिट तो रहता ही है साथ ही वजन भी कंट्रोल में रहता है।















